
38 वर्षीय जय शाह साल 2024 में आईसीसी के इतिहास में सबसे कम उम्र के चेयरमैन बने थे। वे जगमोहन डालमिया, शरद पवार, एन. श्रीनिवासन और शशांक मनोहर के बाद इस सर्वोच्च वैश्विक पद पर आसीन होने वाले पांचवें भारतीय हैं।
भारत के जय शाह को एक बार फिर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) का चेयरमैन चुना गया है। आईसीसी ने एक बयान जारी कर इस बात का एलान किया। बयान में बताया गया है कि जय शाह को निर्विरोध दूसरी बार आईसीसी का चेयरमैन चुना गया है।
जय शाह पहली बार साल 2024 में इस पद पर काबिज हुए थे। अब वह दूसरी बार इसके लिए चुने गए हैं। आईसीसी द्वारा जारी बयान में लिखा गया है, "आईसीसी बोर्ड इस बात का एलान करता है कि जय शाह को बिना किसी विरोध के दोबारा आईसीसी चेयरमैन चुना गया है। इसका प्रस्ताव बाली में हुई बैठक में आईसीसी के निर्देशकों ने रखा था।"
लगातार दूसरी बार आईसीसी की कमान संभालने के बाद जय शाह ने बोर्ड के सभी निदेशकों और सदस्य देशों का आभार व्यक्त किया। अपने आधिकारिक बयान में उन्होंने कहा कि आईसीसी बोर्ड द्वारा उन पर जताए गए भरोसे से वे बेहद सम्मानित महसूस कर रहे हैं और वैश्विक स्तर पर क्रिकेट के हितों को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
जय शाह ने आगामी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि विश्व क्रिकेट अपने इतिहास के सबसे रोमांचक दौर में प्रवेश कर रहा है। साल 2028 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक (LA28 Olympics) में क्रिकेट की ऐतिहासिक वापसी इस खेल को नए दर्शकों तक पहुंचाने और खिलाड़ियों व प्रशंसकों की एक नई पीढ़ी को प्रेरित करने का असाधारण अवसर लेकर आएगी।
गौरतलब है कि 38 वर्षीय जय शाह साल 2024 में आईसीसी के इतिहास में सबसे कम उम्र के चेयरमैन बने थे। वे जगमोहन डालमिया, शरद पवार, एन. श्रीनिवासन और शशांक मनोहर के बाद इस सर्वोच्च वैश्विक पद पर आसीन होने वाले पांचवें भारतीय हैं। आईसीसी में आने से पहले उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के मानद सचिव और एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) के अध्यक्ष के रूप में भी ऐतिहासिक कार्य किए।
बीसीसीआई सचिव के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान आईपीएल मीडिया राइट्स की रिकॉर्ड डील, महिला प्रीमियर लीग (WPL) की शुरुआत और टेस्ट क्रिकेट प्रोत्साहन योजना जैसे कई बड़े कदम उठाए गए थे। बाली में हुई बैठक में इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड, न्यूजीलैंड क्रिकेट और एसोसिएट सदस्यों के प्रमुखों ने भी जय शाह के नेतृत्व की सराहना करते हुए उनके दूसरे कार्यकाल का स्वागत किया।
Loading related stories...