
जब नीरज यादव ने 2018 के एशियन पैरा गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था तो वे भारत आकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मिले थे। पीएम मोदी ने खुद उनकी तस्वीर अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर शेयर की थी।
Neeraj Yadav Suicide: भारतीय खेल जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। भारत के पैरा एथलीट ने सुसाइड करके सभी को चौंका दिया है। ये कोई और नहीं, बल्कि पैरा एशियन गेम्स में 3 बार गोल्ड मेडल जीतने वाले नीरज यादव हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगलवार की रात को अपने एक फ्लैट पर उन्होंने सुसाइड किया। उनका पोस्टमार्टम किया जा रहा है। संभावित तौर पर उन्होंने कोई विषाक्त पदार्थ खाया है। नीरज यादव जब 2018 में एशियन गेम्स में मेडल जीते थे तो उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की थी।
भारतीय पैरा एथलेटिक्स टीम के हेड कोच एस. सत्यनारायण ने नीरज यादव के निधन की पुष्टि की। रिपोर्ट के मुताबिक, नीरज ने अपने घर पर कथित तौर पर जहर खा लिया था। 28 अक्टूबर को दिल्ली के एक अस्पताल में उनके शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा था।सत्यनारायण ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि नीरज ने आत्महत्या कर ली है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसा हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि वह इस कदम के पीछे की सटीक वजह को लेकर कुछ नहीं कह सकते। हालांकि, उनका मानना है कि खिलाड़ियों को अपने करियर में आने वाले उतार-चढ़ाव का सामना धैर्य के साथ करना चाहिए।
PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, नीरज की मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जांच और अन्य जानकारियों का इंतजार है। फिलहाल, डोपिंग प्रतिबंध और एशियन पैरा गेम्स में हिस्सा नहीं ले पाने को उनकी मानसिक स्थिति से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन इन परिस्थितियों और उनकी मौत के बीच किसी सीधे संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
नीरज यादव भारत के सफल पैरा एथलीटों में गिने जाते थे। उन्होंने एशियन पैरा गेम्स में अपने प्रदर्शन से देश का नाम रोशन किया था। साल 2018 में जकार्ता में आयोजित एशियन पैरा गेम्स में उन्होंने भाला फेंक स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता था। इसके बाद 2023 में चीन के हांगझोऊ में हुए एशियन पैरा गेम्स में नीरज ने भाला फेंक और चक्का फेंक, दोनों स्पर्धाओं में गोल्ड मेडल अपने नाम किए। इस तरह उनके नाम एशियन पैरा गेम्स के तीन गोल्ड मेडल दर्ज थे। नीरज F55 कैटेगरी में प्रतिस्पर्धा करते थे। इस श्रेणी में बैठकर खेले जाने वाले फील्ड इवेंट शामिल हैं, जिनमें शॉट पुट, डिस्कस थ्रो और जैवलिन थ्रो प्रमुख हैं।
Loading related stories...