
GSI Athletics Competition: ओलंपियन गुलाब चंद ने किया प्रतियोगिता का उद्घाटन, दौड़ से लेकर लंबी कूद और भाला फेंक तक खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम।
Lucknow: राजधानी के कुर्सी रोड स्थित गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में बुधवार को 36वीं अखिल भारतीय जीएसआई एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI) के उत्तरी क्षेत्र की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 100 एथलीटों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का उद्घाटन ओलंपियन और अर्जुन पुरस्कार विजेता गुलाब चंद ने दीप प्रज्वलित कर किया।
ओलंपियन गुलाब चंद ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
उद्घाटन समारोह में गुलाब चंद ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि टीम भावना, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
10 से अधिक स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
एक दिवसीय प्रतियोगिता में जीएसआई के देशभर में स्थित नौ क्षेत्रों और विभिन्न विशेष इकाइयों से आए एथलीटों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान 10 से अधिक स्पर्धाएं आयोजित की गईं, जिनमें खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
ट्रैक इवेंट में 100 मीटर, 200 मीटर और 800 मीटर दौड़ आयोजित की गई। इसके अलावा 4×100 मीटर रिले दौड़ में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। रिले दौड़ दर्शकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही।
लंबी कूद और भाला फेंक में भी दिखा रोमांच
फील्ड इवेंट में खिलाड़ियों ने लंबी कूद, गोला फेंक, चक्का फेंक और भाला फेंक जैसी स्पर्धाओं में अपनी ताकत और तकनीक का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में संतुलन दौड़ भी आयोजित की गई, जिसने आयोजन में मनोरंजन और उत्साह का रंग भर दिया।
विजेताओं को पदक और प्रमाणपत्र देकर किया सम्मानित
प्रतियोगिता का आयोजन अध्यक्ष राजिंदर कुमार, अपर महानिदेशक एवं विभागाध्यक्ष, जीएसआई उत्तरी क्षेत्र और संयोजक विमल प्रकाश गौड़, उप महानिदेशक, राज्य इकाई उत्तर प्रदेश के मार्गदर्शन में किया गया।
समापन समारोह में विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं को पदक और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राजिंदर कुमार ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की और आयोजन समिति को प्रतियोगिता के सफल एवं अनुशासित आयोजन के लिए बधाई दी।
36वीं अखिल भारतीय जीएसआई एथलेटिक्स प्रतियोगिता ने खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ आपसी सहयोग, अनुशासन और टीम भावना को मजबूत करने का अवसर प्रदान किया।
Loading related stories...