


Gomti Book Festival 2026 Lucknow: राजधानी लखनऊ की अदबी और सांस्कृतिक धरोहर को नया आयाम देते हुए नौ दिवसीय पांचवें गोमती पुस्तक महोत्सव का रविवार को भव्य समापन हो गया। साहित्य, ज्ञान, कला और बाल रचनात्मकता के इस अनोखे संगम में 4.5 लाख से अधिक पुस्तक प्रेमियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
पूरे महोत्सव के दौरान पाठकों के बीच पुस्तकों को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया, जिसके परिणामस्वरूप 2.75 करोड़ रुपये मूल्य की पुस्तकों की रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की गई। 250 से अधिक स्टॉलों और 75 से ज्यादा ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
डिप्टी CM ने किया पुस्तकों का लोकार्पण
समापन समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक रहे। उन्होंने महोत्सव परिसर का भ्रमण कर विभिन्न प्रकाशकों के स्टॉलों का जायजा लिया और पाठकों के उत्साह की सराहना की। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने डॉ. अमिताभ कुमार द्वारा रचित दो नई पुस्तकों ‘लखनऊ शहर-ए-अदब’ और ‘इंडियन रेलवे : फ्रॉम स्टीम टू स्पीड’ का औपचारिक लोकार्पण किया।
दिव्यांश पब्लिकेशंस द्वारा प्रकाशित इन पुस्तकों में लखनऊ की समृद्ध साहित्यिक व सांस्कृतिक विरासत तथा भारतीय रेल की ऐतिहासिक एवं आधुनिक विकास यात्रा का विस्तृत खाका खींचा गया है।
युवा शक्ति और शैक्षणिक विरासत पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लखनऊ विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक शैक्षणिक परंपरा का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की धरती ने देश को अनेक महान साहित्यकार, विचारक और प्रशासनिक अधिकारी दिए हैं।
युवाओं को निरंतर अध्ययनशील रहने और अपनी जड़ों से जुड़े रहने के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह और आरडीएसओ के अपर महानिदेशक काजी मेराज अहमद सहित शासन व उद्योग जगत के कई दिग्गज मौजूद रहे।
चिल्ड्रन्स कॉर्नर में बच्चों ने दिखाई रचनात्मकता
गोमती पुस्तक महोत्सव में बच्चों की सहभागिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। नौ दिनों के दौरान 15,000 से अधिक विद्यार्थियों ने विभिन्न शैक्षणिक और रचनात्मक सत्रों में हिस्सा लिया। अंतिम दिन आयोजित चिल्ड्रन्स कॉर्नर में 2200 से अधिक बच्चों ने योग, कहानी वाचन, वॉइस-ओवर वर्कशॉप, आपदा प्रबंधन की तैयारी और मंडला आर्ट जैसी गतिविधियों का आनंद उठाया। नेशनल बुक ट्रस्ट (NBT) के स्टॉल पर ‘एग्जाम वारियर्स’ और ‘चंद्रयान’ जैसी किताबों की भारी मांग रही, जहां अकेले 7.5 लाख रुपये से अधिक की बिक्री हुई।
साहित्य, पत्रकारिता और ‘भक्ति बीट्स’ के साथ विदाई
महोत्सव के अंतिम दिन समकालीन पत्रकारिता की चुनौतियों, सोशल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के प्रभाव पर सुधीर मिश्र व प्रो. संजय मोहन जौहरी के बीच सार्थक परिचर्चा हुई। इसके अलावा, ‘कैकेयी के राम’ और लोक साहित्य के संरक्षण पर आयोजित सत्रों ने दर्शकों का ध्यान खींचा। सांस्कृतिक संध्या में आरजे प्रतीक द्वारा प्रस्तुत ‘भक्ति बीट्स (भजन जैमिंग)’ के सुरमयी भजनों के साथ गोमती पुस्तक महोत्सव 2026 का आधिकारिक रूप से समापन हुआ।
Written By
Rajesh SharmaEditor-in-Chief
Chief Editor and Administrator at Live Today India with over 15 years of media leadership experience.
Loading related stories...