


Asian Games 2026: जापान के आइची-नागोया में खेले जा रहे 20वें एशियाई खेलों के तीसरे दिन भारतीय एथलीटों ने अपने शानदार प्रदर्शन से पदक जीतने का सिलसिला जारी रखा। भारतीय निशानेबाजों ने पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में डबल पोडियम फिनिश हासिल की। इस बीच महिला टेबल टेनिस टीम ने अपने ग्रुप मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराकर 3-0 से एकतरफा जीत दर्ज की और अंतिम आठ (क्वार्टर फाइनल) में जगह पक्की कर ली.
शूटिंग रेंज में तीसरा दिन भारत के लिए ऐतिहासिक रहा. 10 मीटर एयर राइफल के व्यक्तिगत फाइनल मुकाबले में हिमांशु ढिल्लों ने 252.4 अंक हासिल कर रजत पदक जीता. इसी स्पर्धा में पूर्व विश्व चैंपियन रुद्राक्ष पाटिल ने 230.9 अंकों के साथ कांस्य पदक पर कब्जा किया। यह पहली बार था कि एशियाई खेल 2026 में एक ही इवेंट में दो भारतीय निशानेबाज एक साथ पोडियम पर खड़े थे। इससे पहले, पार्थ माने के साथ इन दोनों निशानेबाजों ने टीम इवेंट में रजत पदक भी जीता था।
महिला टेबल टेनिस टीम स्पर्धा के ग्रुप-एफ मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ एकतरफा दबदबा दिखाया. मैच की शुरुआत में सुतीर्था मुखर्जी ने पाकिस्तान की अलीना खान को 11-3, 11-3, 11-4 से हराकर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी. इसके बाद दूसरे मैच में सिंड्रेला दास ने कलसूम खान को 11-6, 11-7, 11-5 से हराया और बढ़त 2-0 कर दी. फाइनल मैच में स्टार खिलाड़ी श्रीजा अकुला ने फातिमा खान को 11-4, 11-4, 11-5 से हराकर भारत की 3-0 से क्लीन स्वीप जीत सुनिश्चित की।
भारत के लिए अच्छी खबर मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (एमएमए) से भी आई, जिसे पहली बार एशियाई खेलों में शामिल किया गया। महिलाओं के पारंपरिक 60 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली सुचिका तरियाल ने देश के लिए कांस्य पदक हासिल कर इतिहास रच दिया। इसके साथ ही एशियाई खेलों में भारत के कुल पदकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, जिसमें सबसे बड़ा योगदान भारतीय निशानेबाजों का है.
Written By
Rajesh SharmaEditor-in-Chief
Chief Editor and Administrator at Live Today India with over 15 years of media leadership experience.
Loading related stories...